दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और आवश्यक दस्तावेज तैयार करने के उद्देश्य से राजकीय इंटर कॉलेज, सतपुली में जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग ने एलिम्को के सहयोग से विशेष परीक्षण शिविर आयोजित किया। शिविर में 167 लोगों का पंजीकरण किया गया, जिनमें 142 लाभार्थियों को सहायक उपकरणों के लिए चिह्नित किया गया। इनमें 31 दिव्यांगजन एडिप योजना तथा 111 वरिष्ठ नागरिक राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत चिह्नित हुए। परीक्षण एवं पात्रता के आधार पर इन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
शिविर में 18 दिव्यांगता प्रमाणपत्र जारी किए गए तथा 30 यूडीआईडी कार्ड के लिए पंजीकरण किया गया। इससे पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा मिलेगी।
उपजिलाधिकारी रेखा आर्य ने कहा कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। ऐसे शिविरों से क्षेत्र में ही परीक्षण, पंजीकरण एवं दस्तावेज संबंधी सुविधाएं मिलती हैं। उन्होंने चिह्नित लाभार्थियों को नियमानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने की बात कही।
इस अवसर पर द्वारीखाल ब्लॉक प्रमुख बीना राणा, बीडीओ कल्जीखाल चंद्रप्रकाश बलूनी, बीडीओ द्वारीखाल जयकृत बिष्ट, सहायक समाज कल्याण अधिकारी राहुल राणा, अंकित सिंह रावत, अमरीश सैनी, एडीओ पंचायत अरुण रावत सहित अन्य उपस्थित रहे।
