मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को दुगड्डा विकासखंड में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। प्राप्त 25 शिकायतों में से 21 का निस्तारण किया गया, जबकि प्रमाणपत्रों के 25 आवेदन प्राप्त हुए। विभिन्न योजनाओं के तहत 122 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

शिविर में विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं, पात्रता एवं आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान पर जोर दिया।
उत्तराखंड औषधीय पादप बोर्ड की उपाध्यक्ष अनुराधा बालिया ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आपसी समन्वय से कार्य करने की अपेक्षा की।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख सुनील नेगी, जिला पंचायत सदस्य सीमा भंडारी, ग्राम प्रधान संगीता देवी, अधिशासी अभियंता विद्युत नंदिता अग्रवाल, खंड विकास अधिकारी विद्यादत्त रतूड़ी, तहसीलदार राजेंद्र सनवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
