जनपद पौड़ी गढ़वाल के पौराणिक स्थल ताराकुंड को पर्यटन एवं तीर्थाटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मंगलवार को कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पदयात्रा कर ताराकुंड पहुंचे और मां तारा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। आचार्य डॉ. शिव चरण नौडियाल ने विधि-विधान से पूजा संपन्न कराई।

मंदिर परिसर में आयोजित खुली चर्चा में ग्रामीणों ने सड़क संपर्क सुधारने, झील के सौंदर्यीकरण, विश्राम गृह, ध्यान केंद्र एवं श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित करने के सुझाव दिए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ताराकुंड को पर्यटन एवं तीर्थाटन सर्किट से जोड़कर विकसित किया जाएगा और विकास कार्यों के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि ताराकुंड को बुंखाल मंदिर, पैठाणी स्थित राहु मंदिर, भैरवनाथ मंदिर, राजराजेश्वरी देवी मंदिर देवलगढ़, कमलेश्वर महादेव और मां धारी देवी मंदिर से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जाएगा। इससे धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलने के साथ स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
