मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा के मार्गदर्शन में प्रदेश में पशुपालन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड थलीसैंण के ग्राम बंगाली निवासी 31 वर्षीय दीवान सिंह वर्ष 2020 से कुक्कुट पालन कर आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं। वर्तमान में वे इससे प्रतिमाह लगभग 70 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं।
पशुपालन विभाग की कुक्कुट पालन योजना के तहत उनके व्यवसाय के विस्तार के लिए 5 हजार पैरेंट स्टॉक की इकाई स्थापित करने हेतु शासन से 1.40 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे उन्हें कुक्कुट पालन को बड़े स्तर पर विकसित करने का अवसर मिलेगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि विभाग पशुपालकों को योजनाओं की जानकारी देकर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। पात्र पशुपालकों को योजनाओं का लाभ दिलाकर उनकी आजीविका मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दीवान सिंह जैसे युवाओं की पहल अन्य लोगों को भी पशुपालन आधारित व्यवसाय अपनाने के लिए प्रेरित कर सकती है।
दीवान सिंह की पहल दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण युवा अपने क्षेत्र में ही स्वरोजगार विकसित कर सकते हैं। कुक्कुट पालन व्यक्तिगत आत्मनिर्भरता के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ाने में भी सहायक है।
