कोटद्वार। कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की समस्या के स्थायी समाधान के उद्देश्य से नगर निगम के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने महापौर श्री शैलेन्द्र रावत को ज्ञापन प्रेषित किया।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि नगर निगम क्षेत्र में बढ़ती जनसंख्या एवं शहरी विस्तार के कारण प्रतिदिन बड़ी मात्रा में ठोस अपशिष्ट उत्पन्न हो रहा है। पर्याप्त कूड़ा निस्तारण केंद्रों के अभाव में कई स्थानों पर कूड़ा एकत्र होने से स्वच्छता व्यवस्था प्रभावित हो रही है तथा आम नागरिकों को विभिन्न समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित कूड़ा निस्तारण केंद्रों की स्थापना समय की आवश्यकता है।
ज्ञापन में मांग की गई कि नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में उपयुक्त स्थानों का चिन्हीकरण कर आधुनिक एवं व्यवस्थित कूड़ा निस्तारण केंद्र स्थापित किए जाएं। साथ ही कूड़े के संग्रहण, पृथक्करण एवं निस्तारण की वैज्ञानिक व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिल सके।
पार्षदों ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रस्तावित व्यवस्था लागू होने से नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार होगा, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण प्राप्त होगा।
इस अवसर पर पार्षद श्री नईम अहमद, पार्षद श्री विपिन डोबरियाल, पार्षद श्री अनिल रावत, पार्षद श्री संजय भंडारी, पार्षद श्री हिमांशु वर्मा, भाजपा नगर मंडल मंत्री अरविंद बनियाल, पार्षद जय प्रकाश ध्यानी उपस्थित रहे और सभी ने नगर हित में इस महत्वपूर्ण पहल का समर्थन करते हुए शीघ्र कार्यवाही की अपेक्षा व्यक्त की।
