जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय में डिजिटल यूथ महोत्सव-2026 के ऑनलाइन फिटनेस एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा, रचनात्मकता एवं खेल भावना की सराहना करते हुए सकारात्मक गतिविधियों में सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित महोत्सव में 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं ने प्रतिभाग किया। जिलाधिकारी ने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं की प्रतिभा को पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम है तथा ऐसे आयोजन आत्मविश्वास, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं रचनात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने युवाओं से खेल, संस्कृति, नवाचार एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़ने का आह्वान किया।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल मंच से खेल, फिटनेस, संस्कृति एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। द्वितीय, तृतीय एवं चतुर्थ सप्ताह के चैलेंज में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को क्रमशः ₹5000, ₹3000 एवं ₹2000 की पुरस्कार राशि डीबीटी से दी गई।
द्वितीय सप्ताह फिटनेस चैलेंज (पुश-अप्स/स्क्वाट) में थलीसैंण की जुबिन नौटियाल प्रथम, द्वारीखाल के अक्षत द्वितीय एवं पौड़ी के सार्थक बडोला तृतीय रहे। सांस्कृतिक चैलेंज (माई उत्तराखण्ड माई प्राइड) में पोखड़ा की अंजू रावल प्रथम, जयहरीखाल की वांशिका नेगी द्वितीय एवं पोखड़ा की तनुज रावत तृतीय रहीं।
तृतीय सप्ताह फिटनेस चैलेंज (स्किपिंग) में यमकेश्वर के अरमान कुमार प्रथम, गौरी द्वितीय एवं साहिल तृतीय रहे। सांस्कृतिक चैलेंज (युवा कोरियोग्राफी) में पौड़ी की मानसी नेगी प्रथम, खिर्सू के विकास चंद्र द्वितीय एवं पौड़ी की तनुजा तृतीय रहीं।
चतुर्थ सप्ताह फिटनेस चैलेंज (फिंगर फिनाले) में पाबौ की मुस्कान नेगी प्रथम, द्वारीखाल के अक्षत द्वितीय एवं यमकेश्वर के हिमांशु रावत तृतीय रहे। सांस्कृतिक चैलेंज (वन मिनट वन स्किल) में द्वारीखाल के आयुष सिंह प्रथम, यमकेश्वर के अंकित द्वितीय एवं सचिन सिंह तृतीय रहे।
जिलाधिकारी ने विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जनपद के युवाओं में अपार प्रतिभा है, जिसे उचित मंच एवं अवसर देकर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।
