जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार द्वारा गुरुवार को डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में एक दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को रोजगार, स्वरोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से अवगत कराते हुए आत्मनिर्भर बनने और रोजगार सृजन के लिए प्रेरित किया गया।
जिला उद्योग केंद्र की प्रबंधक उपासना सिंह ने सरकारी, निजी एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उपलब्ध करियर विकल्पों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को रुचि, योग्यता एवं कौशल के अनुरूप करियर चुनने और स्वयं का उद्यम स्थापित कर रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.एस. नेगी एवं डॉ. गणेश चंद ने विद्यार्थियों को रोजगार अवसरों का लाभ उठाने तथा शिक्षा के साथ कौशल विकास पर ध्यान देने का संदेश दिया।
भारतीय रिजर्व बैंक से दर्शन उनियाल ने बैंकिंग एवं वित्तीय क्षेत्र तथा भारतीय स्टेट बैंक से सौरभ बोहरा ने बैंकिंग सुविधाओं, वित्तीय सहायता एवं उद्यमिता संबंधी सेवाओं की जानकारी दी। जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक देवेंद्र नाथ एवं आकांक्षा गुसाईं ने उद्यम स्थापना, पंजीकरण, स्वरोजगार, सरकारी योजनाओं एवं वित्तीय सहायता की जानकारी दी। पर्यटन विभाग से संजय नेगी ने पर्यटन क्षेत्र में रोजगार, स्वरोजगार एवं स्थानीय पर्यटन गतिविधियों से आय के अवसर बताए।
वक्ताओं ने युवाओं से रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजक बनने की दिशा में सोच विकसित करने का आह्वान किया। कार्यशाला में महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
