मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों पर ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण–जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत मंगलवार को विकासखंड यमकेश्वर सभागार में जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री मधु भट्ट ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं तथा लोगों से 19 जुलाई तक आयोजित शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
शिविर में पशुपालन विभाग ने 13 लाभार्थियों को पशु औषधियां, कृषि विभाग ने 16 किसानों को कृषि उपकरण, बाल विकास विभाग ने 1 लाभार्थी को महालक्ष्मी किट तथा स्वास्थ्य एवं आयुर्वेद विभागों ने 40 लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयां वितरित कीं। उद्यान विभाग ने 13 लाभार्थियों को बीज उपलब्ध कराए। ग्राम्य विकास विभाग ने 27 आवेदन पत्र भरवाए, जबकि पंचायतीराज विभाग ने 25 लोगों के परिवार रजिस्टर एवं आधार कार्ड संबंधी कार्य संपादित किए। ग्रामोत्थान विभाग ने 27 लाभार्थियों को स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी दी। राजस्व विभाग ने 10 मामलों में सेवाएं प्रदान करते हुए 4 रिपोर्ट, 4 भूमि संबंधी जानकारियां एवं 2 जन्म प्रमाण पत्र जारी किए। जलागम विभाग ने 17 लोगों को विभागीय योजनाओं तथा समाज कल्याण विभाग ने 10 लाभार्थियों को पेंशन आवेदन प्रपत्र एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
