मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में पौड़ी शहर को जाम से राहत दिलाने, पार्किंग सुविधाओं का विस्तार करने और ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण के प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश ने निर्माणाधीन पार्किंग, प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग और विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
सचिव ने अपर चोपड़ा में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत निर्माणाधीन 30 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निरीक्षण कर ग्रामीण निर्माण विभाग को एक माह में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद जीएमवीएन के समीप निर्मित 70 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का जायजा लिया। पावर हाउस क्षेत्र में प्रस्तावित 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग के लिए चिह्नित स्थल का निरीक्षण कर परियोजना की अनुमानित लागत का पुनर्मूल्यांकन करते हुए डीपीआर तैयार कर शीघ्र शासन को भेजने को कहा।
उन्होंने निर्माणाधीन हेरिटेज संग्रहालय एवं वीर भूमि स्थल के कार्यों में तेजी लाकर निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, सर्किट हाउस स्थित गेस्ट हाउस का पहाड़ी शैली में नवीनीकरण करने और हेरिटेज संग्रहालय में सजावट संबंधी कार्यों के प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने को कहा।
सचिव ने कहा कि शहर में पॉकेट पार्किंग विकसित करने और बहुमंजिला पार्किंग निर्माण की दिशा में कार्यवाही की जा रही है। इन परियोजनाओं से पार्किंग क्षमता बढ़ने, यातायात का दबाव कम होने तथा ऐतिहासिक एवं विरासत भवनों के संरक्षण और पुनरुद्धार से पौड़ी की विशिष्ट पहचान सुरक्षित रखने में मदद मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग एल.पी. भट्ट, अवर अभियंता डीडीए रणवीर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
