विकासखंड दुगड्डा के उमरेला गांव में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं एवं जरूरतें जानीं। उन्होंने बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और बच्चों से बातचीत कर समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। दिव्यांगजनों का मौके पर चिह्निकरण कर उन्हें आवश्यक सहायक उपकरण वितरित किए गए। बुजुर्गों की मांग एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को देखते हुए जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं एवं उपचार मिल सके।

गांव पहुंचने पर ग्रामीण महिलाओं ने जिलाधिकारी का पारंपरिक रीति-रिवाजों से स्वागत किया। महिलाओं एवं ग्रामीणों ने पुष्प भेंट कर अभिनंदन किया तथा समस्याएं सुनने के लिए गांव पहुंचने पर आभार जताया। जिलाधिकारी ने महिलाओं से गांव में उपलब्ध सुविधाओं एवं उनकी समस्याओं तथा बच्चों से पढ़ाई, विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं और अन्य जरूरतों की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार बीरसिंह एवं सुरेंद्र सिंह को छड़ी, बिमला देवी एवं बीर सिंह को कान की मशीन तथा अलीशा को व्हीलचेयर प्रदान की गई। जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने और जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निरंतर प्रयास करने को कहा। गांव में समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के 20 लाभार्थी हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र बुजुर्ग, दिव्यांगजन या जरूरतमंद व्यक्ति पेंशन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।
बुजुर्गों एवं महिलाओं की मांग पर जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें उपचार के लिए दूर न जाना पड़े।
ग्रामीणों ने पेयजल पाइपलाइन, सड़क सुधारीकरण एवं मरम्मत, झाड़ी कटान तथा पंचायत घर एवं मंदिर के सौंदर्यीकरण से संबंधित समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वन्यजीवों से पशुहानि पर मुआवजा उपलब्ध कराने और वन कर्मियों की नियमित गश्त सुनिश्चित करने के लिए वन विभाग को शिकायतों का शीघ्र समाधान करने को कहा। उमरेला मार्ग पर अधिक किराया वसूलने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई के लिए परिवहन विभाग को निर्देशित किया।
किसान सम्मान निधि, दिव्यांग पेंशन एवं आधार कार्ड से संबंधित रुकमा देवी, सरोजनी देवी और आलीशा बानो के प्रकरणों में उपजिलाधिकारी को निरंतर अनुवर्ती कार्रवाई कर शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुबरिया, खंड विकास अधिकारी दुगड्डा विद्यादत्त रतूड़ी, ग्राम प्रधान संगीता देवी, क्षेत्र पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह रावत सहित ग्रामीण उपस्थित रहे।
