“विजयी भवः” के उद्घोष और खिलाड़ियों के जोश के बीच बुधवार को शहीद राइफलमैन महावीर चक्र जसवंत सिंह स्टेडियम रांसी में 76वीं जनपदीय विद्यालयी शीतकालीन क्रीड़ा प्रतियोगिता ‘गढ़देवा 2026-27’ का शुभारंभ जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने खेल ध्वज फहराकर सभी 15 विकासखंडों से पहुंचे खिलाड़ी दलों की मार्चपास्ट की सलामी ली। खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन एवं निष्ठा के साथ प्रतिभाग करने की शपथ ली।

7 से 10 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में 100, 200, 400, 800, 1500 व 5000 मीटर दौड़, क्रॉस-कंट्री, 4×100 मीटर रिले, लंबी कूद, त्रिकूद, ऊंची कूद, भाला, गोला एवं चक्का फेंक जैसी एथलेटिक्स स्पर्धाएं होंगी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पौड़ी की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल व्यक्तित्व विकास, शारीरिक स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और चुनौतियों से मुकाबला करने की क्षमता बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि खेल में कोई हारता नहीं, बल्कि जीतता या सीखता है। खिलाड़ियों से दबाव को नियंत्रित कर पूरे आत्मविश्वास एवं खेल भावना के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में सभी 15 विकासखंडों के छात्र-छात्राएं प्रतिभाग कर रहे हैं। खिलाड़ियों के मार्गदर्शन, अनुशासन, सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
कार्यक्रम का संचालन जयदीप रावत व मनोहर चमोली ‘मनु’ ने किया। इस अवसर पर अपर निदेशक माध्यमिक शिक्षा परमेंद्र बिष्ट, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, जिला खेल समन्वयक योगंबर सिंह नेगी सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षक व खिलाड़ी उपस्थित रहे।
