जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर मंगलवार को तहसील चाकीसैंण के राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास में आधार एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में स्थानीय ग्रामीणों को आधार संबंधी सेवाएं तथा दिव्यांगजनों को दिव्यांग प्रमाण पत्र की सुविधा क्षेत्र में ही उपलब्ध कराई गई।
सितंबर के प्रथम मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में आयोजित तहसील दिवस में ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर आधार एवं दिव्यांग प्रमाण पत्र बनाने की सुविधा की मांग की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर संबंधित विभागों ने प्राथमिकता के आधार पर शिविर आयोजित किया।
स्वास्थ्य, समाज कल्याण एवं राजस्व विभाग की टीमों ने समन्वय से सेवाएं दीं। दिव्यांग प्रमाण पत्र के लिए 81 लोगों का पंजीकरण हुआ, जिनमें स्वास्थ्य जांच के बाद 55 पात्र व्यक्तियों को मौके पर प्रमाण पत्र जारी किए गए, जबकि 26 पात्र नहीं पाए गए। इनका स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक औषधियां भी दी गईं। आधार सेवाओं के लिए 22 लोगों का पंजीकरण हुआ और सभी 22 के आधार संबंधी प्रमाण पत्र मौके पर जारी किए गए।
स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने पर ग्रामीणों एवं दिव्यांगजनों ने जिला प्रशासन का आभार जताते हुए जिला मुख्यालय आने-जाने की परेशानी से राहत मिलने की बात कही। जिलाधिकारी ने कहा कि जनहित से जुड़ी सेवाएं ग्रामीणों के नजदीक उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और तहसील दिवस में प्राप्त मांग के आधार पर यह शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने भविष्य में भी जनसुविधाओं से जुड़ी आवश्यकताओं को प्राथमिकता से पूरा करने के प्रयास जारी रखने की बात कही।
