सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों को सरकारी योजनाओं, वित्तीय सुविधाओं, बाजार व्यवस्था एवं आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार में एमएसएमई योजनाओं पर सेमिनार आयोजित किया गया। एमएसएमई के लिए खरीद एवं विपणन सहायता योजना के तहत आयोजित सेमिनार में जनपद के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से पहुंचे उद्यमियों को योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी गई।
मुख्य अतिथि एमएसएमई विकास कार्यालय, हल्द्वानी एवं देहरादून के निदेशक डॉ. एस.के. नेवार ने उद्यमियों को योजनाओं का लाभ उठाने तथा बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप तकनीक एवं नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि एमएसएमई क्षेत्र स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सेमिनार में ओडीआर योजना, ऋण गारंटी सुविधा, टीआरईडीएस, एसआरआई फंड, पैकेजिंग एवं गुणवत्ता मानक तथा एमएसएमई में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी गई। सहायक निदेशक अमित मोहन ने योजनाओं की प्रक्रिया एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने वित्तीय संसाधन, उत्पादों की गुणवत्ता एवं पैकेजिंग, बाजार तक पहुंच और आधुनिक तकनीक के उपयोग पर मार्गदर्शन दिया। उद्यमियों के प्रश्नों का भी समाधान किया गया।
सेमिनार में सिताबपुर, सिग्गड़ी, जशोधरपुर एवं बलभद्रपुर सहित जनपद के विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोम नाथ गर्ग सहित विभागीय अधिकारी, विशेषज्ञ एवं जिला उद्योग केंद्र की टीम उपस्थित रही।
