जनगणना-2027 को सफल बनाने के लिए द्वितीय चरण में होने वाले कार्यों को लेकर प्रेक्षागृह सभागार पौड़ी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में चार्ज अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी, जनगणना लिपिक एवं तकनीकी सहायकों को जनगणना कार्य की प्रक्रिया, तकनीकी पहलुओं और सीएमएमएस पोर्टल की जानकारी दी गई।
शनिवार को आयोजित प्रशिक्षण में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान ने कार्मिकों को प्रशिक्षण गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और प्रत्येक कार्मिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी निर्धारित प्रक्रिया एवं दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रत्येक परिवार एवं व्यक्ति की गणना सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी जनगणना से वंचित न रहे। उन्होंने आपसी समन्वय से द्वितीय चरण को सफल बनाने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण पूर्ण हो चुका है। द्वितीय चरण में 16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्वगणना, एक दिसंबर से चार जनवरी तक जनसंख्या गणना तथा वंचित परिवारों एवं व्यक्तियों को शामिल करने के लिए पांच जनवरी से नौ जनवरी तक रिकवरी गणना की जाएगी।
इस अवसर पर जनगणना कार्यालय के संयुक्त निदेशक शैलेंद्र नेगी, जनगणना मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक, शिव कुमार, वीरेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे।
