मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विकासखंड नैनीडांडा सभागार में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। जनपद में आयोजित शिविरों की श्रृंखला में यह पहला शिविर रहा। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं एवं सुविधाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, विद्युत सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित 36 शिकायतें दर्ज कराईं।
शिविर की अध्यक्षता ब्लॉक प्रमुख प्रकीर्ण नेगी ने की। उन्होंने पात्र लोगों तक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में ऐसे शिविरों को महत्वपूर्ण बताते हुए ग्रामीणों से समस्याएं दर्ज कराने एवं योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिला विकास अधिकारी रमेश चंद्र ने अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में जाकर विकास कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी निगरानी पर भी जोर दिया।
शिविर में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जिसमें चिकित्सकों ने लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर परामर्श दिया तथा निःशुल्क दवाएं वितरित की।
अभियान के तहत सभी विकासखंडों में निर्धारित तिथियों पर शिविर आयोजित होंगे। एकेश्वर 19 सितंबर, खिर्सू 21, यमकेश्वर 23, पौड़ी 24, कोट 28, पाबौ 30 सितंबर, पोखड़ा 1 अक्टूबर, थलीसैंण 3, बीरोंखाल 6, द्वारीखाल 10, दुगड्डा 13, जयहरीखाल 14, कल्जीखाल 15 तथा रिखणीखाल 17 अक्टूबर 2026 को शिविर आयोजित होंगे।
इस अवसर पर ज्येष्ठ उप प्रमुख रेखा नेगी, जिला पंचायत सदस्य राहुल बिष्ट, उपजिलाधिकारी श्रेष्ठ गुनसोला, बीडीओ प्रमोद चंद पांडेय सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
