मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में जनपद पौड़ी गढ़वाल की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। स्वास्थ्य अवसंरचना के विस्तार, आधुनिक सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से आज बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही हैं।

थलीसैंण में उपजिला चिकित्सालय का निर्माण कार्य प्रगति पर है। आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के अंतर्गत 2 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट संचालित हैं तथा 7 नई इकाइयों का निर्माण जारी है। जिला चिकित्सालय में डिस्ट्रिक्ट इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री स्थापित की जा रही है।
जनपद के 151 स्वास्थ्य उपकेंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के रूप में विकसित किया गया है, जहां सामान्य उपचार के साथ गैर-संचारी रोग, क्षय रोग, मानसिक स्वास्थ्य, नेत्र एवं कान संबंधी रोगों सहित 12 प्रकार की समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की तैनाती से ग्रामीण क्षेत्रों में उपचार एवं स्वास्थ्य परामर्श की गुणवत्ता बेहतर हुई है।
मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के तहत अल्ट्रासाउंड सुविधा 2019-20 में 3 चिकित्सा इकाइयों से बढ़कर 9 चिकित्सा इकाइयों तक पहुंची है। ‘खुशियों की सवारी’ योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित परिवहन एवं संस्थागत प्रसव की सुविधा मिल रही है। 108 एम्बुलेंस सेवा 17 से बढ़कर 28 स्थानों तक विस्तारित हुई है तथा 11 ‘खुशियों की सवारी’ वाहन संचालित हैं।
स्वास्थ्य सूचकांकों में भी महत्वपूर्ण सुधार दर्ज हुआ है। मातृ मृत्यु दर 113 से घटकर 91, शिशु मृत्यु दर 34 से घटकर 27 तथा कुल प्रजनन दर 2.1 से घटकर 1.8 हो गई है। प्रथम तिमाही गर्भ पंजीकरण 56% से बढ़कर 82%, चार एएनसी जांच 62% से 100%, गर्भवती महिलाओं का पूर्ण टीकाकरण 92% से 96%, शिशुओं का पूर्ण टीकाकरण 92% से 98%, संस्थागत प्रसव 63% से 92% तथा लिंगानुपात 941 से बढ़कर 956 हो गया है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला के अनुसार रिक्त चिकित्सकीय पदों पर भर्ती, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति, आउटसोर्स व्यवस्था से मानव संसाधन उपलब्ध कराने तथा नियमित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविरों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। स्वास्थ्य विभाग विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अभियान मोड में कार्य कर रहा है।
इन प्रयासों से पौड़ी गढ़वाल बेहतर चिकित्सा सुविधाओं, सुरक्षित मातृत्व, स्वस्थ बचपन और सुदृढ़ सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। यह परिवर्तन केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में आए सकारात्मक बदलाव का प्रमाण है और “स्वस्थ पौड़ी, सशक्त उत्तराखण्ड” के संकल्प को साकार कर रहा है।
