कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने विभिन्न विभागों से संबंधित 34 शिकायतों की सुनवाई की। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सीएम हेल्पलाइन, ई-ऑफिस तथा अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
भिताई मल्ली निवासी रणवीर सिंह ने अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त पुश्ते के कारण मकान को खतरा होने की शिकायत की, जिस पर जिला विकास अधिकारी को वीबीजीवाई के अंतर्गत पुनर्निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए। न्यू विकास कॉलोनी निवासी एजाज अंसारी की ड्रेनेज का पानी मकान में घुसने संबंधी शिकायत पर अधिशासी अधिकारी नगर पालिका को संबंधित पक्षों के साथ बैठक कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। थली गांव निवासी शकुंतला देवी की वृद्धावस्था पेंशन संबंधी शिकायत पर सहायक समाज कल्याण अधिकारी को आवश्यक औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर पेंशन का लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। अन्य शिकायतों के भी त्वरित निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जनता मिलन के अलावा सीएम हेल्पलाइन, जनदर्शन, पत्राचार एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर भी जिला प्रशासन कार्रवाई कर रहा है। ग्राम सिन्दूड़ी बड़ी निवासी सुनीता देवी की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग ने क्षतिग्रस्त पुश्ते के पुनर्निर्माण हेतु आगणन तैयार करने की प्रक्रिया जारी होने की जानकारी दी। ग्राम बैंगवाड़ी निवासी मनमोहन सिंह रावत की आपदा मुआवजा संबंधी शिकायत पर राजस्व विभाग ने पुनः जांच कर पी-20 की कार्रवाई पूर्ण कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एमआईसी रोड निवासी राजेन्द्र सिंह रावत की चारे की उपलब्धता संबंधी शिकायत पर पशुपालन विभाग ने सीएफबी भूसे की मांग भेजे जाने तथा उपलब्ध होते ही प्राथमिकता के आधार पर चारा उपलब्ध कराने की जानकारी दी।
इस अवसर पर डीएफओ महातिम यादव, एडीएम एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
