कोटद्वार नगर निगम के महापौर शैलेन्द्र रावत ने आज वार्ड संख्या 1 रतनपुर, वार्ड संख्या 2 कुम्भीचौड़ एवं वार्ड संख्या 3 सनेह का स्थलीय भ्रमण कर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं का निरीक्षण किया।

भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सफाई व्यवस्था, बरसात के दौरान जलभराव तथा पानी निकासी से जुड़ी समस्याओं से महापौर को अवगत कराया। महापौर ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर ही निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
महापौर श्री शैलेन्द्र रावत ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को स्वच्छ, सुरक्षित और बेहतर मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि वर्षा ऋतु में किसी भी नागरिक को असुविधा का सामना न करना पड़े।
महापौर ने यह भी कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर नगर निगम निरंतर निगरानी रखेगा और सभी आवश्यक कार्य समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराए जाएंगे।
इस अवसर पर वार्ड संख्या 1 के पार्षद जय प्रकाश ध्यानी, वार्ड संख्या 2 के पार्षद अनिल रावत, वार्ड संख्या 3 के पार्षद संजय भंडारी, सहायक नगर आयुक्त अजय एस्टवाल, सहायक नगर आयुक्त चंद्रशेखर शर्मा सहित बड़ी संख्या में सम्मानित क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
