जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कलेक्ट्रेट सभागार में सितंबर माह में प्रस्तावित खेल महाकुंभ की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध, सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समन्वित ढंग से व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिला युवा कल्याण अधिकारी पंकज तिवारी ने बताया कि अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं तीन चरणों में होंगी। 1 से 10 सितंबर तक न्याय पंचायत स्तर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि खेलकूद प्रतियोगिताएं, 11 से 20 सितंबर तक विधानसभा स्तर पर विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी तथा 21 से 30 सितंबर तक संसदीय स्तर पर सांसद चैंपियनशिप ट्रॉफी आयोजित होगी। चयनित खिलाड़ी राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी में जनपद का प्रतिनिधित्व करेंगे।
जिलाधिकारी ने प्रतियोगिताओं का विस्तृत कार्यक्रम शीघ्र तैयार करने, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करने, विद्यालयों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा शिक्षकों एवं अन्य कार्मिकों की समय से तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने खेल स्थलों का शीघ्र चयन, आवश्यक मरम्मत, खिलाड़ियों के लिए भोजन, जलपान, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य सेवाएं, प्राथमिक उपचार सहित सभी आवश्यक सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक में सभी विकासखंडों के बीओ, पीआरडी अधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेकर सुझाव प्राप्त किए गए। जिलाधिकारी ने खेल महाकुंभ को जनभागीदारी का उत्सव बनाते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों एवं सामाजिक प्रतिनिधियों को जोड़कर अधिक से अधिक बच्चों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में डिजिटल यूथ फेस्टिवल-2026 के प्रथम सप्ताह के परिणाम भी घोषित किए गए। ‘सूर्य नमस्कार’ प्रतियोगिता में सोनम रावत प्रथम, सूरजपाल सिंह द्वितीय एवं तनुजा रावत तृतीय रहे। ‘मेरा जनपद–मेरी पहचान’ प्रतियोगिता में वंशिका नेगी प्रथम, शर्मिला द्वितीय एवं तनुराग रावत तृतीय रहे।
जिलाधिकारी ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि डिजिटल यूथ फेस्टिवल का उद्देश्य युवाओं को रचनात्मकता, नवाचार, सांस्कृतिक प्रतिभा एवं स्थानीय पहचान को डिजिटल मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर देना है। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से आगामी प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने की अपील की।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार, थानाध्यक्ष जयपाल नेगी, जिला खेल समन्वयक योगंबर नेगी, डॉ. अमित मेहरा सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।
