जनपद में पर्यटन एवं होमस्टे सुविधाओं की गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने खिर्सू में जनसेवा शिविर के उपरांत माउंटेन पीक होमस्टे एवं रिवाज होमस्टे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, संचालन व्यवस्था, अभिलेखों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा दूरभाष के माध्यम से ठहरे पर्यटकों से स्वच्छता, पेयजल, भोजन, आतिथ्य एवं अन्य सुविधाओं संबंधी फीडबैक भी प्राप्त किया।
जिलाधिकारी ने सभी पंजीकृत होमस्टे का भौतिक सत्यापन, गुणवत्ता के आधार पर कैटेगरी निर्धारण, ऑनलाइन मैपिंग तथा डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि होमस्टे स्थानीय संस्कृति, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पर्यटन को बढ़ावा देने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं, इसलिए प्रत्येक होमस्टे में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं, स्वच्छ वातावरण एवं सुरक्षित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। साथ ही आवश्यक साइनेज बोर्ड लगाने तथा होमस्टे तक पहुंचने वाले मार्गों एवं पाथवे को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला पर्यटन अधिकारी को जिले के सभी पंजीकृत होमस्टे का सत्यापन कर उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत आकलन करने को कहा। निरीक्षण के आधार पर उत्कृष्ट सुविधाओं वाले होमस्टे को उच्च श्रेणी में अपग्रेड तथा मानकों पर खरे न उतरने वाले होमस्टे की श्रेणी का पुनर्निर्धारण करने के निर्देश दिए, ताकि पर्यटकों को वास्तविक गुणवत्ता के अनुरूप सेवाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी ने सभी पंजीकृत होमस्टे की लोकेशन, संपर्क विवरण, उपलब्ध सुविधाएं एवं श्रेणी का अद्यतन डाटा पर्यटन विभाग की वेबसाइट एवं एनआईसी पोर्टल पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमित निरीक्षण, गुणवत्ता सुधार एवं पारदर्शी ऑनलाइन व्यवस्था से पर्यटकों का विश्वास बढ़ेगा और स्थानीय लोगों को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, तहसीलदार दीपक भंडारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
