उत्तराखण्ड के विकास को लेकर युवाओं की सोच, सुझाव और भविष्य के विजन को सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत जनपद पौड़ी के छह विधानसभा क्षेत्रों से कक्षा 11वीं एवं 12वीं के 12 विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय संवाद के लिए हुआ है। चयनित विद्यार्थी 18 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ संवाद कर अपने विचार साझा करेंगे।
मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त, 2026 को कार्यक्रम का शुभारम्भ करते हुए “मेरा सपनों का उत्तराखण्ड, एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण” विषय पर निबंध के माध्यम से सुझाव मांगे थे। प्रदेशभर के 2,87,744 विद्यार्थियों ने इसमें प्रतिभाग किया, जिनमें से 140 विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री के साथ संवाद का अवसर मिलेगा।
पौड़ी से चयनित विद्यार्थियों में जीआईसी द्वारीखाल की अनुष्का नेगी, जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर की आकांक्षा, जीआईसी पुरियाडांग की सोनाक्षी, सेंट थॉमस स्कूल पौड़ी की श्रीतिका रावत, जीआईसी कठुली की शीतल, सरस्वती विद्या मंदिर श्रीकोट गंगानाली श्रीनगर की अनुष्का, जनता इंटर कॉलेज कमलपुर की साक्षी पोखरियाल, जीआईसी मैटाकुण्ड की दिव्या, आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन के आदित्य भारद्वाज एवं सृष्टि मैन्दोला, जीजीआईसी लालपुर की याशिका तथा हैप्पी होम स्कूल कोटद्वार के श्रीम अग्रवाल शामिल हैं।
कार्यक्रम में शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण, आईटी, पर्यटन तथा महिला एवं बाल विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों पर युवाओं के सुझाव लिए जाएंगे। विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी भी विद्यार्थियों से संवाद करेंगे और उनके विचार मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना एवं जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
