मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आगामी रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए श्रीनगर व कोटद्वार में विशेष जांच एवं प्रवर्तन अभियान चलाया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 के तहत 16 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 10 नमूने लिए गए, जिनमें 05 विधिक एवं 05 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। सभी नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। इनमें 06 नमूने मिठाई एवं नमकीन तथा 04 अन्य खाद्य पदार्थों के हैं। मिल्क एवं मिल्क प्रोडक्ट का कोई नमूना नहीं लिया गया।
मिठाई एवं स्वीट शॉप संचालकों को स्वच्छता मानकों के पालन के निर्देश दिए गए। बिना लेबल एवं तिथि अंकित पैक्ड खाद्य सामग्री, जिसमें बेकरी उत्पाद एवं नमकीन शामिल थे, नियमानुसार नष्ट कराई गई।
सहायक आयुक्त खाद्य पीसी जोशी ने बताया कि खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता एवं गुणवत्ता के प्रति जागरूक किया गया। पर्वों के दौरान गुणवत्ता एवं स्वच्छता से समझौता नहीं किया जाएगा तथा सैंपलिंग एवं निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
श्रीनगर में सहायक आयुक्त खाद्य पीसी जोशी, तहसीलदार दीपक भंडारी व वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल तथा कोटद्वार में तहसीलदार सनवाल, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप मिश्रा एवं राजस्व उपनिरीक्षक अमित नेगी उपस्थित रहे।
