कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग, लैंसडाउन तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार के कैरियर परामर्श प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय कैरियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. डी.एस. नेगी एवं सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।

जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. डी.एस. नेगी ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी दौर में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को रोजगारपरक कौशल, तकनीकी ज्ञान एवं आत्मविश्वास विकसित कर अपनी रुचि व क्षमता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए।
सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने विद्यार्थियों को कैरियर के विभिन्न अवसरों, सेवायोजन विभाग के पोर्टल एवं योजनाओं की जानकारी देते हुए उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में कैरियर चयन, रोजगार के अवसर, कौशल विकास एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ विद्यार्थियों की कैरियर संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। इस अवसर पर एनसीसी अधिकारी डॉ. विनोद सिंह भंडारी, कैरियर परामर्श प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. मनीषा सिंह, समिति सदस्य डॉ. गणेश चंद, डॉ. हिमांशु सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
