जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के नेतृत्व में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी ने 50 शिकायतों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व में प्राप्त शिकायतों की भी समीक्षा कर कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ताओं को देने को कहा।
जिलाधिकारी ने एनएच पर सभी कलवर्टों की सफाई की तिथिवार जानकारी उपलब्ध कराने तथा लोनिवि एवं पीएमजीएसवाई के जेई को क्षेत्र में उपस्थित रहकर कार्यों की रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। आपदा से प्रभावित परिसंपत्तियों के सुधारीकरण को भी प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।
जनता मिलन में कंडोलिया क्षेत्र में आवारा पशुओं की समस्या पर नगर पालिका को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मार्च 2026 से लंबित विधवा पेंशन प्रकरण के समाधान के निर्देश समाज कल्याण विभाग को दिए। सफदरखाल में श्मशान घाट के लिए भूमि चिन्हित करने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। मंगोलीगांव झूलापुल की मरम्मत के लिए लोनिवि को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
पूर्व जनता मिलन में ग्राम खोन की मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला के उपचार के प्रकरण में स्वास्थ्य, पुलिस एवं प्रशासन के समन्वय से महिला को सेलाकुई, देहरादून उपचार के लिए पहुंचाया गया। ग्राम थली में दूषित पेयजल की शिकायत पर जल संस्थान ने क्लोरीनेशन, पानी की जांच और पृथक पाइपलाइन से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की। वहीं गैस सिलेंडर की शिकायत का भी तत्काल समाधान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली का वास्तविक मूल्यांकन जरूरतमंद तक राहत पहुंचने की गति और प्रभावशीलता से होता है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशील, जवाबदेह एवं जनकेंद्रित भावना से कार्य करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एडीएम एफआर चौहान, सीएमओ मेघना असवाल, सीओ तपेश कुमार चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
