जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को जिला निर्वाचन कार्यालय का औचक निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चल रही प्रक्रियाओं की समीक्षा की। उन्होंने सभी विधानसभा क्षेत्रों में गणना प्रपत्रों, मतदाता सूची, बीएलओ एवं एईआरओ स्तर की कार्रवाई, नोटिसों की सुनवाई सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रपत्रों के निस्तारण का रेंडम चेक किया। कुछ नो-मैपिंग एसआईआर फॉर्म में बीएलओ एवं एईआरओ की रिपोर्ट संलग्न न होने पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक रिपोर्ट एवं सत्यापन पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संख्या के साथ प्रत्येक प्रपत्र की गुणवत्ता, सत्यापन और प्रक्रिया की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा सभी प्रपत्र निर्धारित प्रक्रिया एवं प्रारूप के अनुसार निस्तारित किए जाएं।
इस दौरान उन्होंने यमकेश्वर एवं श्रीनगर विधानसभा क्षेत्रों के ईआरओ से फोन पर वार्ता कर आवश्यक रिपोर्ट के साथ प्रपत्र भेजने के निर्देश दिए तथा श्रीनगर के बीएलओ से नोटिसों की सुनवाई की जानकारी ली। चौबट्टाखाल एवं कोटद्वार विधानसभा क्षेत्रों के कार्यों की सराहना करते हुए बेहतर समन्वय से कार्य जारी रखने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में सुनवाई प्रक्रिया निर्धारित रूप से आगे बढ़ रही है और शेष प्रक्रिया भी कुछ दिनों में पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने प्रत्येक स्तर पर प्रपत्रों की जांच एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर एडीएम एफआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी शांति लाल शाह सहित निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
