जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित 25 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। करीब एक दशक से लंबित कांसखेत-असगढ़-घंडियालधार-अलासू-कुनकुली मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए निर्धारित समयावधि में निस्तारण के निर्देश दिए। श्रीखोन, स्यालंगी व कठूड़ गांवों को घुड़दौड़ी ग्राम समूह पेयजल पंपिंग योजना से जोड़ने, थली में दूषित पेयजल, नौली में नियमित पेयजल आपूर्ति, पौड़ीगांव में पालतू सुअरों से फसल क्षति तथा सुकरौं में बीएसएनएल टावर के किराये एवं खराब स्थिति से संबंधित शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कांसखेत-असगढ़-घंडियालधार-अलासू-कुनकुली मोटर मार्ग के किमी 13 से 17 तक डामरीकरण की शिकायत पर जिलाधिकारी ने प्रस्ताव शासन को भेजा, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वित्तीय स्वीकृति प्रदान की। इस पर ग्राम प्रधान नवीन कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता अर्जुन सिंह नेगी सहित ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री एवं जिलाधिकारी का आभार व्यक्त किया।
अन्य शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई की गई। पोखरी खड़खोला में विद्युत संयोजन के लिए पोल एवं एबी केबल लगाकर आपूर्ति उपलब्ध कराई गई। कोट के नौगांव में पेयजल स्रोत की सफाई कर आपूर्ति सुचारू की गई। रिखणीखाल में बाघ-तेंदुए के आतंक की शिकायत पर वन विभाग ने गश्त, निगरानी एवं आवश्यकतानुसार पिंजरे लगाने की कार्रवाई की तथा पशुहानि पर नियमानुसार मुआवजा प्रक्रिया की गई। थापली की अनुसूचित जाति बस्ती में पाइपलाइन से कपड़ा व पॉलिथीन हटाकर पेयजल आपूर्ति सुचारू की गई।
बैठक में सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा और अधीक्षण अभियंता जल संस्थान प्रवीण सैनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
