शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने तथा अधिकारियों को विभागीय योजनाओं एवं नवीन व्यवस्थाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से मंडल स्तरीय समीक्षा बैठक एवं अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें उप शिक्षाधिकारियों एवं नवनियुक्त उप शिक्षाधिकारियों को विभागीय दायित्वों, योजनाओं के क्रियान्वयन और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार की जानकारी दी गई।

अपर निदेशक, गढ़वाल मंडल प्रमेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में नए परिवर्तन और चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में अधिकारियों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए नवीन व्यवस्थाओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करना और समस्याओं का समाधानपरक निस्तारण करना चाहिए। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित समीक्षा और आपसी समन्वय पर जोर दिया।
कार्यशाला में वित्तीय प्रबंधन, एसएनए एवं एसएनए स्पर्श प्रणाली, आईएमएमएस पोर्टल, परख, कौशलम्, आनंदम, वीरगाथा और शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) की जानकारी दी गई। साथ ही विद्यालय निरीक्षण एवं अनुश्रवण, पीएम पोषण योजना, निपुण भारत मिशन, आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (एफएलएन), पीजीआई तथा निःशुल्क जूता-बैग, गणवेश एवं पाठ्य पुस्तक वितरण की समीक्षा की गई। एनएमएमएस, डॉ. शिवानंद नौटियाल छात्रवृत्ति, श्रीदेव सुमन राज्य मेधा छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री मेधावी छात्रवृत्ति और साइकिल योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
विषय विशेषज्ञों ने समग्र शिक्षा के अंतर्गत निर्माण कार्यों, व्यावसायिक शिक्षा, आईसीटी, एमआईएस और शैक्षिक सूचकांकों की जानकारी देते हुए नामांकन एवं विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति में सुधार पर जोर दिया। बाल वाटिका, बालिका शिक्षा, विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की सुविधाओं, छात्रावासों, स्काउट एवं गाइड, सामुदायिक सहभागिता और पीएमश्री विद्यालयों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त उल्लास कार्यक्रम, इको क्लब, खेल अनुदान, विज्ञान गतिविधियां, मैथ्स विजार्ड, जादुई पिटारा और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के प्रभावी संचालन पर चर्चा हुई।
अधिकारियों को यू-डाइस एवं अपार आईडी सहित डिजिटल पोर्टल पर सूचनाओं का समयबद्ध एवं सटीक अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कार्यशाला में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण, बेहतर समन्वय और विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण विकसित करने पर बल दिया गया।
कार्यशाला में सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी सुनीता सोलंकी, डायट प्राचार्य स्वराज तोमर, जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक/माध्यमिक) पौड़ी अंशुल बिष्ट, खंड शिक्षा अधिकारी बीरोंखाल वर्षा भारद्वाज तथा समग्र शिक्षा के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर गढ़वाल मंडल के सभी उप शिक्षाधिकारी मौजूद रहे।
