सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड बीरोंखाल में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री एवं चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता दूरस्थ क्षेत्रों तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि चौबट्टाखाल विधानसभा की 78 में से 68 ग्राम पंचायतों में उत्तराखंड जलवायु अनुकूल वर्षा आधारित कृषि परियोजना (जलागम) के तहत वर्ष 2024 से 2030 तक कार्य किए जा रहे हैं। बीरोंखाल विकासखंड में परियोजना के तहत करीब 120 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मैठाणाघाट एवं स्यूंसी में तीन यूनिट गठित की गई हैं। अब तक सिंचाई के लिए 12 एलडीपीई एवं 7 वाटर हार्वेस्टिंग टैंक, उद्यान के लिए 10 ड्रिप सिंचाई, सब्जी उत्पादन की 30 तथा मल्चिंग की 57 प्रदर्शन इकाइयां स्थापित की गई हैं।
रबी फसल के लिए गेहूं, सरसों, मटर, आलू व लहसुन का बीज 45 हेक्टेयर, खरीफ फसल के लिए मक्का, मंडुवा, उड़द, मूंग, धान, सोयाबीन व स्वीट कॉर्न का बीज 102 हेक्टेयर तथा सब्जी-मसाला उत्पादन के लिए टमाटर, बैंगन, शिमला मिर्च, भिंडी, फ्रासबीन, हल्दी व अदरक का बीज 25 हेक्टेयर क्षेत्र के लिए वितरित किया गया। इसके अलावा 9 वर्मी कंपोस्ट, 21 बायो-कंपोस्ट एवं 90 पॉलीटनल स्थापित किए गए तथा बकरी नस्ल सुधार के लिए 21 बकरे वितरित किए गए।
शिविर में बीरोंखाल में 1.34 करोड़ रुपये की लागत से राजकीय इंटर कॉलेज के नवीन भवन एवं कक्षा-कक्षों का शिलान्यास किया गया। समग्र शिक्षा अभियान के तहत 21.40 लाख रुपये से निर्मित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के नवीन भवन तथा रसिया महादेव में 3.85 करोड़ रुपये से निर्मित 24 शैय्याओं वाले पर्यटक आवास गृह का लोकार्पण किया गया। साथ ही चितौणखाल तक मोटर मार्ग मिलान के लिए 4 लाख तथा हिंडोला गैरी से हनुमान गद्दी-बड़ेस ढय्या संपर्क मार्ग के लिए विधायक निधि से 3 लाख रुपये देने की घोषणा की गई।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और कृषि को जलवायु अनुकूल बनाने पर विशेष ध्यान दे रही है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान कर उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाया जा रहा है।
इस अवसर पर समाज कल्याण बोर्ड सदस्य प्रेम सिंह नेगी, ज्येष्ठ प्रमुख कुलदीप, एसडीएम कृष्णा त्रिपाठी, बीईओ वर्षा भारद्वाज सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
