कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में आपदा से हुई क्षति एवं राहत-पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ त्वरित कार्रवाई कर प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक सुविधाएं शीघ्र बहाल करने के निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने निर्माणाधीन हेरिटेज बिल्डिंग एवं शौर्य स्थल का निरीक्षण कर गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि मानसून सीजन में जनपद की 459 सड़कें प्रभावित हुई थीं, जिन्हें यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया था। गत दिनों बारिश से 18 सड़कें प्रभावित हुईं, जिनमें अधिकांश पर यातायात बहाल कर दिया गया है। मंत्री ने शेष मार्गों को भी शीघ्र सुचारु करने तथा बेला में सड़क वाशआउट, पीपलघाट में जलभराव और चाकीसैंण के मजरा महादेव के समीप क्षतिग्रस्त सड़क पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने आपदा क्षति, राहत वितरण एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में आपदा से 04 जनहानि, 20 पशुहानि, 09 पूर्ण भवन क्षति, 368 आंशिक भवन क्षति, 1.691 हेक्टेयर कृषि भूमि क्षति तथा 43 परिवार प्रभावित हुए हैं। मंत्री ने पात्र प्रभावितों को समयबद्ध अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने थलीसैंण क्षेत्र में राहत एवं पुनर्वास कार्यों को प्राथमिकता देने तथा ढूंगरी, रिखोली, डोबरा एवं बगेली में आवश्यकता के अनुसार प्रभावित परिवारों को सुरक्षित अस्थायी ठिकानों पर ठहराने के निर्देश दिए। साथ ही ढूंगरी एवं बगेली में भू-गर्भीय सर्वेक्षण कराने को कहा। लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई को क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंत्री ने नानघाट एवं श्रीनगर क्षेत्र की प्रभावित पेयजल योजनाओं को शीघ्र दुरुस्त करने तथा ढूंगरी, चमगांव एवं मंडेली में निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश जल संस्थान एवं जल निगम को दिए। वहीं विद्युत विभाग को क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों, पोलों एवं ट्रांसफार्मरों की तत्काल मरम्मत कर आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान, अधीक्षण अभियंता महिपाल सिंह रावत, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी दीपेश काला सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
