अपर जिलाधिकारी एफ.आर. चौहान ने जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में नगर निकायों की समीक्षा बैठक लेते हुए विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं शहरी क्षेत्रों में संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाते हुए योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में खोह नदी के किनारे पार्क एवं आंतरिक सड़कों के निर्माण, श्रीनगर को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने, नगर पालिका पौड़ी में सीवर लाइन, दुगड्डा में बहुउद्देशीय भवन तथा थलीसैंण में वाहन पार्किंग निर्माण की प्रगति की समीक्षा की गई। उन्होंने लंबित कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, अपशिष्ट प्रबंधन संयंत्रों के लिए भूमि चयन, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सेप्टेज प्रबंधन, लेगेसी वेस्ट निस्तारण, गौ सदनों की स्थिति, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) तथा नगर निकाय क्षेत्रों में अतिक्रमण की स्थिति पर भी चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी ने इन विषयों पर नियमित अनुश्रवण एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं एवं जनहित की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंच सके।
बैठक में नगर आयुक्त कोटद्वार पी.एल. शाह, सहायक नगर आयुक्त श्रीनगर गायत्री बिष्ट, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पौड़ी संजय कुमार सहित विभिन्न नगर निकायों के अधिकारी उपस्थित रहे।
