मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड पौड़ी सभागार में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित हुआ। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित 47 शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
शिविर की अध्यक्षता ग्रामीण अभियंत्रण सेवा के उपाध्यक्ष जोत सिंह बिष्ट ने की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से पात्रता के अनुसार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने अधिकारियों को मौके पर निस्तारित न हो सकी शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा पात्र लोगों को योजनाओं से लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को भी कहा।
इस दौरान अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को मौके पर लाभ प्रदान किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
