मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में कांवड़ यात्रा के सफल समापन के बाद नीलकंठ क्षेत्र में प्रातः 9 बजे से वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। मंदिर परिसर, पैदल मार्गों, पार्किंग स्थलों, सड़क किनारे एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों से यात्रा के दौरान एकत्र कूड़ा-कचरा हटाकर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निस्तारण कराया गया। अस्थायी शिविरों, विश्राम स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में भी सफाई की गई। अभियान का उद्देश्य नीलकंठ की धार्मिक गरिमा एवं प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखना रहा।

अभियान में जिला पंचायत के स्वच्छता कर्मियों एवं कर्मचारियों, व्यापार मंडल, मंदिर समिति एवं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। यमकेश्वर की ज्येष्ठ प्रमुख स्वाति देवी, ग्राम प्रधान तोली ऊषा देवी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों, दुकानदारों एवं नागरिकों ने श्रमदान किया।
उपजिलाधिकारी चतर सिंह चौहान ने कहा कि नीलकंठ धार्मिक आस्था के साथ प्रमुख पर्यटन क्षेत्र भी है। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमित सफाई, प्रभावी कूड़ा उठान एवं निस्तारण व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान व्यापक व्यवस्थाओं के बाद क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों, व्यापार मंडल, मंदिर समिति, टैक्सी यूनियन, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता की सराहना की।
जिला प्रशासन ने नागरिकों, व्यापारियों एवं श्रद्धालुओं से सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा न फैलाने और निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की अपील की।
अभियान में मंदिर के मुख्य पुजारी शिवानंद गिरी जी महाराज, व्यापार मंडल नीलकंठ अध्यक्ष बृजेश चौहान, सचिव सुमित पंवार, ग्राम प्रधान ऊषा देवी, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष देवेंद्र राणा, सचिव देवू शर्मा, सामाजिक कार्यकर्ता शिवचरण सिंह रावत, पूर्व प्रधान रविंद्र नेगी, तेजपाल नेगी, अवनीश नौटियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, मंदिर समिति, व्यापार मंडल एवं टैक्सी यूनियन के पदाधिकारी तथा स्वच्छता कर्मी उपस्थित रहे।
