सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, अभिभावकों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों तथा स्थानीय जनसामान्य ने प्रतिभाग किया। महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को किट वितरित की गईं। अतिकुपोषित बच्चों को पोषण पोटली तथा छोटे बच्चों की माताओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।
कार्यक्रमों में दीप प्रज्वलन, बच्चों की विभिन्न गतिविधियां एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों एवं महिलाओं के पोषण, स्वास्थ्य एवं समग्र विकास को लेकर जागरूकता बढ़ाने तथा विभागीय सेवाओं को समुदाय तक पहुंचाना है।
स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम ने महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य जांच कर व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य देखभाल एवं संतुलित आहार की जानकारी दी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं केंद्रों की सेवाओं के बारे में अभिभावकों को जागरूक किया। कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों, महिलाओं एवं अभिभावकों की योजनाओं में सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
