जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कार्यालय सभागार में आगामी हरेला पर्व के तहत 16 जुलाई से आयोजित होने वाले व्यापक पौधरोपण महाअभियान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूर्ण करने तथा अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास विभाग को सभी विकासखंडों के पौधरोपण लक्ष्य की जानकारी सायं 5 बजे तक उपलब्ध कराने को कहा, ताकि जनपद की समेकित कार्ययोजना समय पर तैयार की जा सके।
उन्होंने पौधरोपण स्थलों के चयन एवं जियो टैगिंग, स्थलवार वृक्षारोपण सूची, पौधों एवं ट्रीगार्ड की आवश्यकता का आकलन तथा जनपद हरित पंजिका तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि पौधरोपण केवल लक्ष्य पूर्ति तक सीमित न रहे, बल्कि पौधों का संरक्षण एवं नियमित देखरेख भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने 13 जुलाई तक गड्ढों की खुदाई, स्थल तैयारी तथा प्रजातिवार पौध वितरण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि 16 जुलाई से प्रारंभ होने वाला महाअभियान बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संचालित हो सके।
जिलाधिकारी ने हरेला दिवस पर सभी शासकीय विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्थानीय निकायों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, सामुदायिक एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा। अभियान की प्रभावी निगरानी एवं समन्वय के लिए प्रभागीय वनाधिकारी, पौड़ी को नियंत्रण कक्ष स्थापित कर सभी सूचनाओं का नियमित संकलन एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिलाधिकारी ने 4 जुलाई से प्रारंभ होने वाले ‘सेवा सप्ताह’ कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया। उन्होंने जिला मुख्यालय एवं सभी विकासखंडों में सेवा, सुशासन एवं समर्पण की थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने, जनकल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित करने तथा अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुरूप विभागीय स्टॉल, जागरूकता कार्यक्रम, लाभार्थी सम्मान एवं लाभ वितरण कार्यक्रमों की तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने तथा आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।
मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने सभी विभागों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने, अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा प्रभावी समन्वय बनाए रखते हुए सेवा सप्ताह का सफल एवं जनहितकारी आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी महातिम यादव, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एस.एम. शुक्ला, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राम सलोने सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
