संबाददाता पुनीत रावत,
रिखणीखाल। विकासखंड रिखणीखाल के अंतर्गत किल्बोखाल में मातृशक्ति के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लैंसडौन विधायक महंत दिलीप रावत ने क्षेत्र की विभिन्न महिला मंगल दलों से जुड़ी महिलाओं को सम्मानित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिला मंगल दलों की बहनों के सामाजिक योगदान और ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भूमिका को रेखांकित किया गया। महिला मंगल दल ग्रामीण स्तर पर सामाजिक जागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और विभिन्न जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी गांव और समाज के विकास की मजबूत आधारशिला है। मातृशक्ति परिवार के साथ-साथ सामाजिक एवं सामुदायिक विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में महिला सम्मान एवं सशक्तिकरण को प्राथमिकता दिए जाने का भी उल्लेख किया गया। वक्ताओं ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने और उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने से समाज और प्रदेश के विकास को गति मिलती है।
समारोह के अंत में क्षेत्र की सभी महिला मंगल दलों की बहनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान के लिए सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया।
