मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप सेवा संकल्प अभियान के तहत पाबौ विकासखंड के चिपलघाट में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर ग्रामीणों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।
शिविर में पशुपालन, समाज कल्याण, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य सहित 15 विभागों के स्टॉल लगाए गए। विभागों ने ग्रामीणों को योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी तथा प्राप्त समस्याओं के निस्तारण की कार्रवाई की। इस दौरान तीन महिलाओं को महालक्ष्मी किट, तीन को पोषण किट तथा ग्रामोत्थान परियोजना के तहत दो महिलाओं को सिलाई मशीन के लिए 30-30 हजार रुपये के चेक दिए गए।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र जितोली में ‘आंगन-मिलन सेवा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग कर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, माताओं-बहनों एवं ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास पर चर्चा करते हुए विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी और आंगनबाड़ी केंद्रों को बच्चों के प्रारंभिक विकास की महत्वपूर्ण आधारशिला बताया।
उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज सांकरसैंण में चित्रकला प्रदर्शनी एवं भाषण प्रतियोगिता में भी प्रतिभाग कर छात्र-छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने तथा आमजन की समस्याओं के समाधान को गति देना है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि पाबौ विकासखंड के लगभग सभी राजस्व ग्रामों में सड़क पहुंच चुकी है। शेष तीन तोकों के लिए एस्टीमेट मांगा गया है तथा मार्च तक इन्हें भी सड़क सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, खंड विकास अधिकारी हरेंद्र कोली, तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
