मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ की भावना के अनुरूप सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद मुख्यालय पौड़ी में ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विकास भवन सभागार में स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों ने पोषण गीत के माध्यम से पोषण एवं विभागीय योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि सितंबर माह पोषण माह के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य विकास के साथ प्रत्येक वर्ग का कल्याण एवं सर्वांगीण विकास है। स्वस्थ बच्चों एवं किशोरियों के पोषण पर विशेष ध्यान देकर स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है।
नगर पालिका अध्यक्षा हिमानी नेगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा की आधारशिला बताते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकर्त्रियों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता बताई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि जिले के प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर ‘आंगन का मिलन दिवस’ मनाया जा रहा है। पोषण माह के तहत जागरूकता एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से पोषण, स्वास्थ्य और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
कार्यक्रम में विधायक ने पोषण शपथ दिलाई। 46 बालिकाओं एवं किशोरियों को पोषण किट वितरित की गईं तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाली 22 आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्त्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बालिका यशिका ने महिला सशक्तिकरण पर विचार रखे और स्वस्ति नौटियाल ने गणेश वंदना प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन श्वेता कठैत ने किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, संस्कृति, साहित्य एवं कला परिषद सदस्य राकेश नौडियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल किशोर रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभिन्न विकासखंडों के बाल विकास परियोजना अधिकारी, किशोरियां एवं अभिभावक उपस्थित रहे।
