जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने गुरुवार को तहसील पौड़ी के राजस्व ग्राम मासौं तल्ला पहुंचकर क्रॉप कटिंग प्रयोग का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं से संवाद कर उनकी आजीविका, आय के साधनों एवं गांव की दैनिक आवश्यकताओं की जानकारी ली।
राजस्व विभाग की टीम ने किसान वीरेंद्र नेगी के खेत में निर्धारित मानकों के अनुसार 30 वर्गमीटर क्षेत्रफल का प्लॉट तैयार कर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोग किया, जिसमें 11 किलोग्राम गेहूं की उपज प्राप्त हुई। जिलाधिकारी ने स्वयं गेहूं की कटाई करने के साथ ग्रामीण महिलाओं के साथ पारंपरिक मंडाई में हाथ बंटाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर फसल की औसत उत्पादकता का वैज्ञानिक आकलन किया जाता है तथा जनपद के संभावित उत्पादन का अनुमान तैयार करने में मदद मिलती है।
इस दौरान ग्राम प्रधान पुष्पा नेगी एवं ग्रामीणों ने गांव की विभिन्न आवश्यकताओं से अवगत कराया। महिलाओं ने बताया कि बच्चों के स्कूल जाने वाले पैदल मार्ग पर झाड़ियां उग आई हैं और मार्ग की स्थिति ठीक नहीं है। जिलाधिकारी ने पैदल मार्ग की मरम्मत की स्वीकृति प्रदान करते हुए तहसीलदार को अगले दिन ही बुशकटर उपलब्ध कराकर झाड़ियों की सफाई कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर तहसीलदार राजेंद्र गोस्वामी, एलआरओ पूरण प्रकाश, कानूनगो, राजस्व उप निरीक्षक सहित संबंधित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
