मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में सेवा संकल्प अभियान के तहत विकासखंड खिर्सू में बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, बाल विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों की जानकारी दी और समस्याएं सुनीं।
विकासखंड स्तर की शिकायतों का खंड विकास अधिकारी ने मौके पर ही निस्तारण किया। स्वास्थ्य विभाग के मेडिकल कैंप में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाएं एवं आवश्यक परामर्श दिया गया।
खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी विकासखंडों में शिविर आयोजित कर योजनाओं की जानकारी देने के साथ ब्लॉक स्तर की समस्याओं का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। शिविर में प्रधान संगठन अध्यक्ष धीरेन्द्र सिंह नेगी, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जीशान अली, एडीओ पंचायत मोहन सिंह रावत, सहायक समाज कल्याण अधिकारी पंकज मैंदोली, ग्राम विकास अधिकारी नितिन सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
