जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में चीनी की जमाखोरी व अवैध भंडारण रोकने तथा बाजार में पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने जनपदभर में व्यापक अभियान चलाया। विभाग की 13 टीमों ने कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, लैंसडाउन, बीरोंखाल, दुगड्डा, यमकेश्वर, सतपुली, पाबौ, ऊफरैंखाल, जडाऊखांद व चाकीसैंण सहित विभिन्न क्षेत्रों में थोक-फुटकर विक्रेताओं, बड़े मिष्ठान भंडारों व अन्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
टीमों ने दुकानों में उपलब्ध चीनी, अभिलेखीय स्टॉक और माह में हुई बिक्री का मिलान किया तथा शासन के निर्देशानुसार निर्धारित मात्रा में ही स्टॉक रखने के निर्देश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि बाजार में चीनी की उपलब्धता व स्टॉक पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। जमाखोरी अथवा नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और अभियान आगे भी जारी रहेगा।
