मुख्य विकास अधिकारी के निर्देशन में विकासखंड कोट में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत विकासखंड एवं सामुदायिक स्तरीय संघ (सीएलएफ) के लिए एक दिवसीय वित्तीय समावेशन अभिमुखीकरण कार्यशाला आयोजित हुई। अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी अमित बिजल्वाण ने की।
ग्रामीण वित्त समन्वयक धनंजय प्रसाद भट्ट ने एनआरएलएम के वित्तीय समावेशन से जुड़ी योजनाओं एवं घटकों, सक्षम केंद्र, लखपति दीदी योजना, बैंकिंग सेवाएं, स्वयं सहायता समूहों की बैंक से संबद्धता, ऋण प्रबंधन एवं वित्तीय साक्षरता की जानकारी दी।
एलआईसी प्रतिनिधि ने बीमा सखी की भूमिका एवं बीमा योजनाओं की जानकारी दी। कार्यशाला में बैंकिंग संवाददाता सखी, स्वयं सहायता समूह-बैंक संबद्धता, गैर-निष्पादित परिसंपत्ति, सामुदायिक बैंकिंग एवं ऋण प्रबंधन बैठक, आईईएलए, भुली योजना, बीमा तथा वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपायों पर भी चर्चा हुई।
कार्यशाला में विभिन्न गांवों के तीन सीएलएफ से जुड़े 30 स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों तथा एनआरएलएम एवं रीप परियोजना कार्मिकों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला का उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को बैंकिंग एवं वित्तीय सेवाओं की जानकारी देकर वित्तीय रूप से सशक्त बनाना तथा योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने के लिए जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर सीएलएफ पदाधिकारी, स्वयं सहायता समूह सदस्याएं, सीएफएल, बैंक एवं एलआईसी प्रतिनिधि तथा एनआरएलएम एवं ग्रामोत्थान परियोजना के कार्मिक उपस्थित रहे।
