कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने विभिन्न विभागों से संबंधित 23 जनशिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया तथा शेष मामलों में संबंधित विभागों को निर्धारित समयावधि में कार्रवाई कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
तहसील पौड़ी के ग्राम थापली की अनुसूचित बस्ती में पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने जल संस्थान के अधिकारी को शिकायतकर्ताओं के साथ तत्काल गांव जाकर यथासंभव समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, ई-ऑफिस, जनदर्शन, पत्राचार एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी कार्यालयाध्यक्षों को शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक शौचालयों में नियमित साफ-सफाई तथा पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एक सप्ताह बाद स्वजल विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम द्वारा शौचालयों का स्थलीय निरीक्षण कराया जाएगा तथा कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
जनसुनवाई के दौरान ग्राम पल्ली तल्ली निवासी जयवीर सिंह रावत की उरेडा की बंद सोलर स्ट्रीट लाइटों संबंधी शिकायत पर डीओ उरेडा को एमओयू के प्रावधानों के अनुसार जांच कर संबंधित फर्म से शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। खड़खोला निवासी अंकित कुमार भटगांई की शिकायत पर एक पखवाड़े के भीतर विद्युत लाइन बिछाकर संयोजन उपलब्ध कराने तथा अन्य शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी के निर्देशों पर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनदर्शन, पत्राचार एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का भी प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जा रहा है। ग्राम थली निवासी शकुन्तला देवी की वृद्धावस्था पेंशन 1 अगस्त 2026 से स्वीकृत कर दी गई है। चमालीगांव निवासी मातबर सिंह की शिकायत पर क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग निर्माण को वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना में शामिल किया गया है। वहीं ग्राम कण्डारा, पट्टी पैड़ुलस्यूं निवासी हुकुम सिंह की शिकायत पर पाइपलाइन की मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारु कर दी गई है।
इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफ.आर. चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
