विधानसभा निर्वाचक नामावली के 01 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मतदेय स्थलों के युक्तिकरण एवं पुनर्निर्धारण को लेकर अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी पी.आर. चौहान की अध्यक्षता में छतरीधार स्थित ईवीएम वेयरहाउस परिसर में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में बीएलओ के स्थलीय सत्यापन के बाद निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के माध्यम से प्राप्त मतदेय स्थलों के संशोधन एवं भवन परिवर्तन संबंधी प्रस्तावों पर चर्चा की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रस्ताव आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप तैयार किए गए हैं, जिन्हें अनुमोदन के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड के कार्यालय को भेजा जाएगा। अनुमोदन मिलने के बाद ही आवश्यक संशोधन किए जाएंगे। मतदेय स्थलों की सूची राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साझा की जाएगी तथा पूरी प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूर्ण की जाएगी।
बैठक में सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी शांतिलाल शाह, नोडल अधिकारी राजनीतिक दल मास्टर आदर्श, भाजपा प्रतिनिधि क्रांत किशोर व राजेंद्र रावत, कांग्रेस प्रतिनिधि भरत सिंह रावत और सीपीआईएम प्रतिनिधि आयुष कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
