सेवायोजन विभाग के तत्वावधान में शुक्रवार को हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के बीजीआर परिसर पौड़ी में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में 110 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से 30 को कंपनियों ने चयन प्रक्रिया के दूसरे चरण के लिए चुना।
सेवायोजन अधिकारी अजय सिंह ने बताया कि मेले में क्वेस कॉर्प लिमिटेड (टाटा मोटर्स एवं बजाज ऑटो), एसआईएस, एसबीआई लाइफ, सीपेट और एलआईसी सहित विभिन्न नियोजकों ने प्रतिभाग किया। कंपनियों ने सिक्योरिटी ऑफिसर, अप्रेंटिस, मशीन ऑपरेटर, सेल्स इंश्योरेंस और प्रोडक्शन ट्रेनी सहित विभिन्न पदों के लिए साक्षात्कार लिए। मेले के माध्यम से युवाओं और नियोजकों को साझा मंच उपलब्ध कराया गया।
मेले में अभ्यर्थियों को करियर काउंसिलिंग के माध्यम से करियर निर्माण, कौशल विकास और स्वरोजगार के विकल्पों की जानकारी दी गई। साथ ही कौशल इकोसिस्टम अपनाने, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना (एमकेवीवाई), प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना (पीएमकेवीवाई), विदेश रोजगार प्रकोष्ठ के माध्यम से विदेशों में रोजगार के अवसरों और कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों सहित विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रमों में रुचि दिखाई।
इस अवसर पर प्रो. डॉ. किरण बाला, आशीष कुमार, हिमांशु चमोली, लक्ष्मी अंथवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।
