विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में एसआईआर एवं ईवीएम-वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में विधानसभा निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन की जानकारी देते हुए अंतिम मतदाता सूची प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई गई। जिलाधिकारी ने सूची का परीक्षण कर सुझाव एवं फीडबैक देने तथा अधिकारियों व राजनीतिक दलों के बीच निरंतर समन्वय बनाए रखने को कहा।
03 अक्टूबर 2026 को अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार जनपद के 6 विधानसभा क्षेत्रों के 1,008 मतदान केंद्रों पर 5,07,135 सामान्य मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 2,64,235 पुरुष, 2,42,890 महिला एवं 10 तृतीय लिंग मतदाता हैं। इसके अलावा 14,570 सर्विस मतदाता हैं, जिनमें 14,319 पुरुष एवं 251 महिला शामिल हैं। इस प्रकार कुल 5,21,705 मतदाता पंजीकृत हैं।
बैठक में बताया गया कि ईवीएम एवं वीवीपैट की एफएलसी 23 अक्टूबर 2026 से ईवीएम गोदाम, वेयर हाउस छतरीधार, कोटद्वार रोड, पौड़ी में शुरू होगी। जांच प्रतिदिन प्रातः 9 से शाम 7 बजे तक तथा सार्वजनिक अवकाश में भी जारी रहेगी। एफएलसी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड के नामित इंजीनियरों द्वारा की जाएगी। पारदर्शिता के लिए प्रत्येक मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल से प्रतिदिन दो अधिकृत प्रतिनिधि उपस्थित रह सकेंगे। एफएलसी के बाद यादृच्छिक रूप से चयनित 5 प्रतिशत मशीनों पर मॉक पोल कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों से अधिकृत प्रतिनिधियों के नाम एवं आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने तथा निर्वाचन-2027 की सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी पीआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श तथा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एसएस रावत, भरत रावत, राजेंद्र सिंह रावत, महादेव प्रसाद बहुगुणा, क्रांति किशोर एवं संतोष चंदोला सहित अन्य उपस्थित रहे।
