पशुपालन विभाग की ओर से अपर निदेशक गढ़वाल मंडल कार्यालय में प्रथम अलकनंदा–भागीरथी अन्तर्जनपदीय मैत्री टेबल टेनिस प्रतियोगिता उत्साह, खेल भावना एवं आपसी सौहार्द के साथ आयोजित की गई। प्रतियोगिता में पौड़ी गढ़वाल एवं टिहरी गढ़वाल के 14 पशु चिकित्साधिकारियों ने प्रतिभाग किया। दोनों जनपदों के प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन कर मुकाबले को रोमांचक बनाया।
पुरुष एकल में डॉ. भूपेंद्र बिष्ट प्रथम तथा डॉ. सुरेश चंद द्वितीय, जबकि महिला एकल में डॉ. प्रीति गौतम प्रथम तथा डॉ. एकता बिष्ट द्वितीय रहीं। जनपद स्तरीय मुकाबले में पौड़ी गढ़वाल ने टिहरी गढ़वाल को 3-2 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने जीत-हार से आगे बढ़कर खेल भावना, मित्रता एवं टीम भावना का परिचय दिया। अपर निदेशक गढ़वाल मंडल डॉ. भूपेंद्र जंगपांगी ने कहा कि आयोजन से दोनों जनपदों के पशु चिकित्साधिकारियों के बीच आपसी समन्वय एवं सौहार्द मजबूत हुआ।
इस अवसर पर मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी पौड़ी डॉ. विशाल शर्मा, संयुक्त निदेशक रोग निदान प्रयोगशाला श्रीनगर डॉ. अशोक रेड्डी सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं प्रतिभागी उपस्थित रहे।
