जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान ल्वाली और घीड़ी पहुंचकर विकास कार्यों, आजीविका गतिविधियों, विद्यालयी व्यवस्थाओं एवं ग्रामीण सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं की जानकारी ली।
ल्वाली में जिलाधिकारी ने साधना स्वायत्त सहकारिता के संग्रहण केंद्र का निरीक्षण किया और महिलाओं से आजीविका गतिविधियों, उत्पादों के संग्रहण, प्रसंस्करण एवं विक्रय की जानकारी ली। महिलाओं ने बुश कटर, डीहाइड्रेटर और ग्रेडिंग मशीन की आवश्यकता बताई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उपकरणों के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र उपलब्ध कराने तथा आजीविका गतिविधियों को बाजार की मांग के अनुरूप विविधीकृत करने के निर्देश दिए।
राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ल्वाली के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाल मेले में विद्यार्थियों द्वारा तैयार विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया और बच्चों से संवाद किया। गणित की बुनियादी अवधारणाओं पर अपेक्षित जानकारी न होने पर उन्होंने शिक्षकों को बच्चों की आधारभूत समझ मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सामाजिक विज्ञान महोत्सव की भाषण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के विचार भी सुने। साथ ही मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता जांचते हुए निर्धारित मेन्यू के अनुसार पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने तथा लकड़ी के चूल्हे के स्थान पर गैस पर भोजन तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के पैतृक गांव घीड़ी पहुंचीं, जहां ग्रामीणों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों से उनका स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर क्षेत्र की समस्याएं जानीं। शहीद पार्क के लिए चिन्हित भूमि का निरीक्षण करते हुए उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को ग्रामीणों की सहमति के अनुरूप विस्तृत डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित पार्क में ओपन जिम, वॉकिंग ट्रैक एवं सौंदर्यीकरण सहित सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
ग्रामीणों की मांग पर राजकीय इंटर कॉलेज कालेश्वर की मरम्मत हेतु प्रस्ताव तैयार करने, सोलर लाइट एवं स्थानीय क्षेत्र में लाइट की व्यवस्था के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए। पेयजल लाइन, खराब फीडर, सामुदायिक भवन एवं बैंकिंग सुविधाओं से संबंधित समस्याओं पर भी जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने घीड़ी स्थित पर्यटक विश्राम गृह का निरीक्षण भी किया। अठूल गांव की सड़क मरम्मत का प्रस्ताव एससीपी में प्रस्तुत करने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि क्षेत्र भ्रमण का उद्देश्य योजनाओं एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति जानने के साथ ग्रामीणों की समस्याओं को उनके बीच पहुंचकर समझना है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवश्यकताओं पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
