कोटद्वार। नगर में सड़कों पर घूमने वाले निराश्रित एवं आवारा पशुओं की समस्या को लेकर कोटद्वार के महापौर श्री शैलेन्द्र सिंह रावत ने नगरवासियों से अपने पालतू पशुओं को घर पर सुरक्षित रूप से बांधकर रखने की अपील की है।
महापौर ने कहा कि पशुओं को खुले में छोड़ने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही दुर्घटनाओं एवं आमजन को होने वाली असुविधा की स्थिति उत्पन्न होती है। उन्होंने पशुपालकों से अपने पशुओं की जिम्मेदारी स्वयं लेते हुए उन्हें सड़कों पर न छोड़ने का आग्रह किया।
महापौर की अपील के बाद नगर निगम कोटद्वार द्वारा सड़कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पाए जाने वाले निराश्रित पशुओं के संबंध में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम द्वारा पशुओं को पकड़ने एवं संबंधित नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
महापौर ने नगरवासियों से नगर को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग प्रदान करने की अपील की है।
