जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जिला कोषागार का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। उन्होंने डबल लॉक कक्ष, पेंशन अनुभाग, पीपीओ पटल, अभिलेखागार सहित विभिन्न कक्षों का निरीक्षण कर अभिलेखों, स्टॉक एवं कोषागार परिसर में कराए गए मरम्मत कार्यों की स्थिति देखी। डबल लॉक कक्ष में स्टांप, पैडलॉक, बहुमूल्य पंजिका एवं अधिवक्ताओं को निर्गत स्टांप सहित महत्वपूर्ण सामग्री का परीक्षण कर स्वयं स्टांप की गणना एवं अभिलेखों से मिलान किया। अभिलेख एवं भौतिक स्टॉक नियमानुसार सुव्यवस्थित पाए गए।
पेंशन अनुभाग एवं पीपीओ पटल में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए जिलाधिकारी ने मुख्य कोषाधिकारी को लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आहरण-वितरण अधिकारियों के स्तर पर लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति प्राप्त कर आईएफएमएस में नियमित समीक्षा करने तथा अधिक समय तक प्रकरण लंबित रखने वाले विभागों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार नोटिस जारी करने को कहा।
जिलाधिकारी ने पेंशन सेल के गठन एवं शिकायतों की जानकारी लेते हुए पेंशन संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पेंशन अथवा अन्य भुगतान संबंधी समस्या के लिए सेवानिवृत्त कर्मचारी पेंशन सेल के ईमेल treasurypaurippo@gmail.com पर संपर्क कर सकते हैं। लंबित पेंशन प्रकरणों की माह में एक बार नियमित समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने कोषागार के सभी कक्षों में नियमित स्वच्छता तथा महत्वपूर्ण अभिलेखों के सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं नियमानुसार रख-रखाव के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर मुख्य कोषाधिकारी नमिता सिंह, सहायक कोषाधिकारी अवधेश चंद्र, आशीष गोस्वामी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
