भारत सरकार की एडिप एवं राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए 11 स्थानों पर परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे। राष्ट्रीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), जिला प्रशासन एवं समाज कल्याण विभाग के समन्वय से आयोजित होने वाले शिविरों की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
जिलाधिकारी ने शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को नोडल अधिकारी तथा खंड विकास अधिकारियों को सहायक नोडल अधिकारी बनाकर पात्र लाभार्थियों को चिन्हित करने को कहा। पंचायतीराज विभाग, ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से गांव-गांव तक जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए गए। मुख्य शिक्षाधिकारी को दिव्यांग बच्चों को भी सूचीबद्ध कर शिविरों तक पहुंचाने तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पीएलवी के माध्यम से जागरूकता एवं समन्वय के निर्देश दिए गए।
शिविरों में ऐसे दिव्यांगजनों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र एवं यूडीआईडी कार्ड बनाने की व्यवस्था भी की जाएगी, जिनके पास अभी प्रमाणपत्र/कार्ड उपलब्ध नहीं है। चिकित्सकों की टीम द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जाएगा, ताकि कोई पात्र व्यक्ति दस्तावेजों के अभाव में योजना के लाभ से वंचित न रहे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 03 अक्टूबर धुमाकोट (नैनीडांडा), 05 अक्टूबर बीरोंखाल, 06 अक्टूबर थलीसैंण, 07 अक्टूबर पौड़ी, 08 अक्टूबर खिर्सू, 09 अक्टूबर पाबौ, 12 अक्टूबर चौबट्टाखाल, 13 अक्टूबर सतपुली, 15 अक्टूबर जयहरीखाल, 16 अक्टूबर मोहनचट्टी तथा 17 अक्टूबर दुगड्डा में परीक्षण शिविर आयोजित होंगे।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यकता के अनुसार सहायक उपकरण तथा एडिप योजना के तहत पात्र दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए परीक्षण किया जाएगा। लाभार्थियों को निर्धारित पहचान, आय एवं पात्रता संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। एडिप योजना के लिए आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाणपत्र/यूडीआईडी कार्ड एवं आय संबंधी दस्तावेज आवश्यक होंगे।
बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना, एआरटीओ एनके ओझा, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अलीशा सचदेवा, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
